फोटो परिचय- पुलिस लाइन स्थित ऑफिसर गेस्ट हाउस में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स व एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
विकास और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर डीएम-एसपी ने अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश
बैठक में क्षेत्रवार समस्याओं पर हुआ मंथन, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिले के विकास कार्यों और आम जनता से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण को लेकर प्रशासन ने बुधवार को जनप्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद किया। पुलिस लाइन स्थित ऑफिसर गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं और जनहित के मुद्दों को अधिकारियों के समक्ष रखा। डीएम निधि गुप्ता वत्स और एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने सड़क, विकास कार्यों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न मुद्दे उठाए। अधिकारियों ने प्रत्येक समस्या पर चर्चा करते हुए उसके समाधान की प्रक्रिया और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी पर मंथन किया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त होने वाली जनसमस्याओं को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनका नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध ढंग से निस्तारण कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता को सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का लाभ दिलाने में विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने तथा समस्याओं के निस्तारण की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन मामलों में तत्काल कार्रवाई संभव है, उनमें अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
वहीं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कानून-व्यवस्था और पुलिस से संबंधित जनशिकायतों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में पुलिस से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण तथा क्षेत्र में प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, सदर विधायक चन्द्र प्रकाश लोधी, जहानाबाद विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल, अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता, बिन्दकी विधायक जयकुमार सिंह जैकी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
