जिला कारागार का निरीक्षण कर बाहर आतीं डीएम।
– बंदियों को मिल रही सुविधाओं की भी परखी हकीकत, विधिक सहायता में देरी न करने के निर्देश
– पुरुष व महिला बैरक, अस्पताल, आंगनबाड़ी केंद्र और शिक्षा व्यवस्था का किया निरीक्षण
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जिला कारागार में सुरक्षा व्यवस्था से लेकर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तक की स्थिति जानने के लिए जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक जेल पहुंचने से जेल प्रशासन में सक्रियता बढ़ गई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं को मौके पर परखते हुए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत कंट्रोल रूम से हुई। जिलाधिकारी ने जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति जांची। सभी कैमरे संचालित मिले। इसके बाद वह पाकशाला पहुंचीं और बंदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता तथा मीनू के अनुसार भोजन बनने की जानकारी ली।
डीएम ने पुरुष एवं महिला बंदीगृह का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाएं देखीं। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्र, चिकित्सालय और राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य सुविधाओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि बंदियों को उनकी जरूरत के अनुसार समय से विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। किसी भी निरुद्ध व्यक्ति को कानूनी मदद के अभाव में परेशानी न होने पाए। साथ ही जेल की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय, क्षेत्राधिकारी नगर, जेलर समेत जेल प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
