कुंडेश्वर शिव मंदिर की व्यवस्थाओं का जायजा लेतीं डीएम व साथ में एसपी।
– कुंडेश्वर शिव मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था परखी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। पवित्र श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने खागा क्षेत्र के कुंडेश्वर शिव मंदिर मंझिलगांव का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम व एसपी ने खागा अंडरपास, कांवड़ यात्रियों के आवागमन मार्ग, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार निगरानी और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखी जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके। जिला प्रशासन और पुलिस ने भरोसा दिलाया कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी प्रतिबद्धता के साथ की जा रही हैं।
