पुलिस की गिरफ्त में वारंटी।
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बकेवर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास, दहेज उत्पीड़न समेत गंभीर धाराओं में वांछित एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जनपद भर में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को थाना बकेवर पुलिस ने वर्ष 2015 के एक मामले में फरार चल रहे वारंटी बाबू सिंह पुत्र रामअवतार निवासी ग्राम सूबेदारखेड़ा थाना नरवल जनपद कानपुर नगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध केस संख्या 889/2015 में भारतीय न्याय संहिता की पूर्व प्रासंगिक धाराओं 498ए, 323, 307, 504, 506 तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज है। न्यायालय से जारी वारंट के अनुपालन में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां आगे की विधिक कार्रवाई की गई। वारंटी अभियुक्त की गिरफ्तारी में थाना बकेवर के उपनिरीक्षक रजनीश पाण्डेय, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार सिंह शामिल रहे।
