फोटो परिचय-  जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स।

– बिना लाइसेंस आतिशबाजी का कारोबार करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई

– दुकानों और गोदामों की जांच कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था परखा जाएगा

– निर्धारित मात्रा से अधिक पटाखे रखने पर भी होगी कार्रवाई

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। दीपावली के मद्देनजर जिले में आतिशबाजी के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पटाखों के भंडारण से लेकर उनकी बिक्री तक नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की तैयारी है। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने और बिना वैध लाइसेंस आतिशबाजी का कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पटाखों की दुकानों, गोदामों और अन्य भंडारण स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा इंतजामों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान लाइसेंस की वैधता, पटाखों के भंडारण की निर्धारित सीमा और अग्नि सुरक्षा के प्रबंधों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने कहा कि आतिशबाजी की बिक्री और भंडारण निर्धारित नियमों के तहत ही किया जाना चाहिए। लाइसेंसधारकों को भी लाइसेंस में दर्ज शर्तों और स्वीकृत मात्रा का पालन करना होगा। बिना अनुमति पटाखों की खरीद-बिक्री, वितरण अथवा निर्धारित सीमा से अधिक सामग्री जमा करने की शिकायत मिलने पर संबंधित विभाग कार्रवाई करेंगे।

प्रशासन का जोर त्योहार के दौरान आगजनी और अन्य संभावित दुर्घटनाओं को रोकने पर है। इसके लिए आतिशबाजी के भंडारण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल कराई जाएगी, ताकि किसी भी लापरवाही के कारण जन-धन का नुकसान न हो। निरीक्षण के दौरान खामियां मिलने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ विधिक कदम उठाए जाएंगे।

जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने जनपदवासियों से दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने की अपील की है। उन्होंने व्यापारियों और लाइसेंसधारकों से नियमों का पालन करने तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now