फोटो परिचय-  दुर्गा प्रतिमाओं के भूविसर्जन के लिए खोदे जा रहे गड्ढे।

– क्षेत्र में 97 प्रतिमाओं के विसर्जन का अनुमान

– जुलूस के दौरान प्रमुख मार्गों पर रोके जाएंगे बड़े वाहन

CITY NEWS FATEHPUR

धाता, फतेहपुर(CNF)। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। धाता थाना क्षेत्र में इस बार करीब 97 दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन का अनुमान है। विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस सतर्क है। सोमवार को दामपुर स्थित यमुना नदी के रेतीले क्षेत्र में जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर विसर्जन की व्यवस्था की गई। वहीं, थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने स्पष्ट किया कि यमुना नदी में प्रतिमा विसर्जन की अनुमति नहीं होगी। श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थलों पर ही विसर्जन करने की अपील की गई है।

थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में प्रतिमा विसर्जन की तैयारियां की जा रही हैं। कुछ स्थानों पर हेनौता स्थित यमुना नहर में विसर्जन की चर्चा है, जबकि अधिकांश गांवों के श्रद्धालुओं ने अपने-अपने गांव के तालाबों में प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारी की है। मंगलवार का दिन पड़ने के कारण कुछ पूजा समितियां अगले दिन विसर्जन करने की योजना बना रही हैं। ऐसे में पुलिस प्रशासन सभी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए है, ताकि विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। प्रतिमा विसर्जन के दौरान निकलने वाले जुलूसों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने संबंधित मार्गों पर बड़े वाहनों का आवागमन रोकने की तैयारी की है। इससे श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी नहीं होगी व दुर्घटनाओं की आशंका भी कम की जा सकेगी। विसर्जन स्थलों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी। पुलिस प्रशासन ने पूजा समितियों से जुलूस के दौरान व्यवस्था बनाए रखने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है। थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यमुना नदी में प्रतिमाओं का विसर्जन न करें और पुलिस प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थलों पर ही विसर्जन संपन्न कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now