– 13 सितंबर को घर से निकलने के बाद नहीं लौटा था अमर सिंह

– ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने नदी से बरामद किया शव

– पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, परिजनों में मचा कोहराम

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। चांदपुर थाना क्षेत्र के इटरा गांव में पांच दिन से लापता चल रहे 52 वर्षीय अधेड़ का शव गुरुवार शाम गांव के समीप नोन नदी से बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई। नदी में शव दिखाई देने की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया।

जानकारी के अनुसार इटरा गांव निवासी स्व. शिवबरन सिंह का पुत्र अमर सिंह बीती 13 सितंबर को किसी काम से घर से निकला था। देर शाम तक उसके वापस न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के संभावित स्थानों पर खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। पांच दिनों से परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे।

गुरुवार शाम करीब पांच बजे गांव के पास से गुजर रही नोन नदी में ग्रामीणों को एक शव दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना चांदपुर पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर उसकी पहचान कराई। शव की पहचान लापता अमर सिंह के रूप में होने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के भतीजे विपिन कुमार ने जानकारी दी। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। अधेड़ की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आने की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now