– मायके वालों ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जबरन जहर खिलाने का लगाया आरोप

– ससुरालीजनों ने आरोपों को बताया गलत, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। राधानगर थाना क्षेत्र के बड़नपुर गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बड़नपुर निवासी उमेश पुत्र स्व. सुखराम वर्तमान में अहमदाबाद में नौकरी करता है। उसकी 24 वर्षीय पत्नी रामबेटी गांव स्थित ससुराल में रह रही थी। परिजनों के मुताबिक गुरुवार दोपहर अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। बताया गया कि उसने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया था। जानकारी मिलते ही परिजन उसे तत्काल सरकारी एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज ले गए। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन देर रात विवाहिता ने दम तोड़ दिया।

मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मेडिकल कॉलेज पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

उधर, पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतका के चाचा अनुज ने ससुरालीजनों पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि रामबेटी को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने उसके साथ मारपीट की और जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ी और उपचार के दौरान मौत हो गई।

वहीं, मृतका के जीजा उमेश ने मायके पक्ष के आरोपों को गलत बताया। उनका कहना है कि विवाहिता की मौत को लेकर लगाए जा रहे आरोप सही नहीं हैं। फिलहाल दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now