– सुबह पूजा के लिए पहुंचे पुजारी तो मंदिर से गायब मिला मुकुट और चढ़ावे की रकम
– वारदात से ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस ने शुरू की चोरों की तलाश
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। कोतवाली क्षेत्र के वैसापुर गांव में चोरों ने धार्मिक स्थल को निशाना बनाकर ग्रामीणों में सनसनी फैला दी। गुरुवार रात हनुमान मंदिर में घुसे चोर भगवान हनुमान का चांदी का मुकुट और मंदिर में रखा चढ़ावा चोरी कर ले गए। शुक्रवार सुबह मंदिर पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई तो मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों के मुताबिक सुबह पुजारी मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। मंदिर के अंदर पहुंचते ही हनुमान जी के सिर से चांदी का मुकुट गायब देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद मंदिर में रखे दानपात्र की जांच की गई तो उसमें जमा चढ़ावे की रकम भी नहीं मिली। देखते ही देखते चोरी की खबर पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर पहुंच गए।
धार्मिक स्थल में चोरी की घटना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि चोरों ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए वारदात को अंजाम दिया है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द घटना का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार करने तथा चोरी गया मुकुट व चढ़ावे की रकम बरामद करने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर खागा कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध लोगों की तलाश करने के साथ ही घटना से जुड़े सुराग जुटा रही है। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि चोरी की घटना की जांच की जा रही है और आसपास के इलाकों में चोरों की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
