फोटो परिचय- न्यायालय परिसर की व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर बैठक करते व्यवस्था परिवर्तन अधिवक्ता संगठन के पदाधिकारी।
– व्यवस्था परिवर्तन अधिवक्ता संगठन ने जिला जज को सौंपा मांगपत्र
– अनधिकृत सहायकों पर रोक और सुविधा शुल्क की शिकायतों पर कार्रवाई की मांग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। न्यायालय परिसर में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से व्यवस्था परिवर्तन अधिवक्ता संगठन ने न्यायालय कर्मचारियों के लिए निर्धारित ड्रेस कोड और परिचय पत्र अनिवार्य किए जाने की मांग उठाई है। संगठन ने इस संबंध में जनपद एवं सत्र न्यायाधीश को पत्र सौंपकर कर्मचारियों की पहचान स्पष्ट करने और अनधिकृत व्यक्तियों की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की।
संगठन के अध्यक्ष श्रीराम पटेल एडवोकेट के नेतृत्व में सौंपे गए पत्र में कहा गया कि उत्तर प्रदेश बार काउंसिल में पंजीकृत तथा सीओपी धारक अधिवक्ताओं के लिए निर्धारित वेशभूषा और परिचय पत्र संबंधी नियम लागू हैं। इसी तर्ज पर न्यायालय में तैनात कर्मचारियों के लिए भी स्पष्ट ड्रेस कोड और पहचान पत्र की व्यवस्था की जानी चाहिए।
संगठन ने मांग की कि क्लर्क, पेशकार, चपरासी, कार्यालय लिपिक सहित अन्य कर्मचारियों को निर्धारित वेशभूषा और परिचय पत्र के साथ ही कार्य करने के निर्देश दिए जाएं। इसके साथ ही सरकारी कामकाज में निजी अथवा अनधिकृत सहायकों की भूमिका पर रोक लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
पत्र में यह भी कहा गया कि न्यायालय के कुछ कार्यालयों में निजी व्यक्तियों की मौजूदगी से वादकारियों और अधिवक्ताओं के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है। ऐसे में कर्मचारियों की पहचान स्पष्ट होने से अनधिकृत लोगों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी। संगठन ने वादकारियों और अधिवक्ताओं से कथित तौर पर सुविधा शुल्क मांगे जाने जैसी शिकायतों पर भी रोक लगाने की मांग की, जिससे न्यायालय परिसर में पारदर्शी और भ्रष्टाचारमुक्त कार्यप्रणाली को बढ़ावा मिल सके।
इससे पहले संगठन की बैठक में अध्यक्ष श्रीराम पटेल ने कहा कि ड्रेस कोड और परिचय पत्र की व्यवस्था लागू होने से न्यायालय परिसर में कार्यरत कर्मचारियों की पहचान आसानी से की जा सकेगी। साथ ही अनधिकृत व्यक्तियों की आवाजाही पर नियंत्रण रखने और न्यायालय की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित बनाने में सहायता मिलेगी।
बैठक में संगठन के संरक्षक वसीम अंसारी एडवोकेट, नरोत्तम सिंह कामरेड, सैयद वजाहत, सुरेश यादव, एहतराम अहमद, सैफ खान, फैजान अली, जैनुल अब्बास, मो. इशहाक, विनोद यादव, मो. आसिफ, कमरुद्दीन खान, नरेंद्र सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
