ठगी पीड़ित की रकम रिफंड कराते साइबर सेल टीम के सदस्य।
– साइबर सेल टीम की कामयाबी पर पीड़ितों ने जताया आभार
CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। साइबर क्राइम पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच पीड़ितों को बड़ी राहत दिलाई है। एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की जांच के बाद साइबर सेल टीम ने न्यायालय आदेश, बैंक समन्वय और खाता धारकों की तस्दीक कर कुल 213121 रुपये की रकम वापस पीड़ितों के खातों में पहुंचाई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई से ठगी के शिकार लोगों में भरोसा बढ़ा है।
जनपद में बढ़ते साइबर अपराध पर शिकंजा कसते हुए साइबर क्राइम पुलिस थाना की टीम ने सराहनीय कार्य किया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों के पांच लोगों से ओटीपी, सरकारी योजना, ऑनलाइन जॉब, सिलाई मशीन ऑर्डर और बैंक अधिकारी बनकर कुल लाखों रुपये की ठगी की गई थी। पीड़ितों ने तत्काल एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर साइबर सेल ने तेजी से कार्रवाई शुरू की। कोतवाली क्षेत्र निवासी महेंद्र कुमार मौर्या के क्रेडिट कार्ड से ओटीपी लेकर 1.20 लाख रुपये उड़ाए गए थे, जिसे पूरी तरह वापस कराया गया। वहीं सुल्तानपुर घोष, राधानगर, हुसैनगंज और ललौली क्षेत्र के अन्य पीड़ितों की भी आंशिक व पूर्ण रकम मिलाकर कुल 2.13 लाख रुपये खातों में वापस पहुंचाई गई। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, फ्री वाई-फाई, क्यूआर कोड, स्क्रीन शेयरिंग ऐप, ओटीपी शेयरिंग और फर्जी ऑनलाइन ऑफर से सावधान रहें। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन 1930 या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now