फोटो परिचय- पुलिस लाइन में परेड का निरीक्षण करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
* परेड के दौरान जवानों की शारीरिक दक्षता और ड्रिल का लिया जायजा
* क्वार्टर गार्ड, परिवहन शाखा व पीआरवी वाहनों की व्यवस्थाएं परखीं
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने और विभागीय व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने परेड की सलामी लेने के बाद पुलिसकर्मियों को अनुशासन, शारीरिक दक्षता और कर्तव्य के प्रति सजगता बनाए रखने की हिदायत दी।
परेड के दौरान जवानों को दौड़ कराकर उनकी शारीरिक चुस्ती-फुर्ती पर जोर दिया गया। एसपी ने टोलीवार ड्रिल का जायजा लेते हुए परेड में एकरूपता और बेहतर तालमेल बनाए रखने के निर्देश दिए। इसमें पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, यातायात शाखा और पुलिस लाइन में तैनात अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
इसके बाद एसपी ने क्वार्टर गार्ड, परिवहन शाखा और पीआरवी वाहनों का निरीक्षण कर उनकी स्थिति एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित कर्मियों को आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साप्ताहिक अर्दली रूम के दौरान विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों की भी जांच की गई। एसपी ने अभिलेखों का रखरखाव व्यवस्थित रखने तथा विभागीय कार्यों में आवश्यक मानकों का पालन करने पर जोर दिया। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी लाइन सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
