फोटो परिचय-  मलबे से बच्ची को बाहर निकालते ग्रामीण।

– मलबे में दबकर मां और दो मासूम बेटियां गंभीर घायल

– ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर तीनों को बाहर निकाला, मेडिकल कॉलेज रेफर

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के सांई गांव में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बंदरों के झुंड की उछलकूद से बारिश में कमजोर हो चुका कच्चा मकान अचानक ढह गया। हादसे के दौरान बरामदे में खाना बना रही महिला अपनी दो मासूम बेटियों के साथ मलबे में दब गई। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर तीनों को बाहर निकाला। गंभीर हालत में सभी को जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

सांई गांव निवासी रतिराम प्रजापति के कच्चे मकान में मंगलवार सुबह उनकी बहू अनीता देवी (40) पत्नी शक्तिमान प्रजापति खाना बना रही थीं। उनकी बेटियां वैशाली (डेढ़ वर्ष) और जानवी (तीन वर्ष) पास में मौजूद थीं। इसी दौरान बंदरों का झुंड मकान की छत पर कूदने लगा। बारिश के चलते पहले से कमजोर हो चुका बरामदा और सामने का छप्पर अचानक भरभराकर धराशायी हो गया।

मकान गिरते ही अनीता देवी और दोनों बच्चियां मलबे के नीचे दब गईं। तेज आवाज और मासूमों की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने फावड़े और अन्य साधनों की मदद से मलबा हटाकर काफी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला।

हादसे में डेढ़ वर्षीय वैशाली के हाथ की चार उंगलियां कट गईं और पैर में फ्रैक्चर बताया गया, जबकि तीन वर्षीय जानवी का पैर टूट गया। अनीता देवी के सिर में गंभीर चोट आई। ग्रामीणों ने तीनों घायलों को तत्काल गोपालगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए तीनों को जिला मेडिकल कॉलेज फतेहपुर रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर राजस्व विभाग के लेखपाल ने गांव पहुंचकर क्षतिग्रस्त मकान का जायजा लिया और रिपोर्ट तैयार की। हादसे के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मचा रहा, जबकि ग्रामीणों में भी घटना को लेकर दहशत बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now