फोटो परिचय- एसपी को शिकायती पत्र देने पहुंचे मृतका के परिजन।
– एसपी को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच और मुकदमे की मांग
– पति पर प्रताड़ित करने तथा जेठ-जेठानी के साथ मिलकर हत्या की साजिश का आरोप
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। मलवां थाना क्षेत्र के मीरमऊ गांव निवासी एक महिला की मौत का मामला अब गंभीर आरोपों में घिर गया है। मृतका के भाई ने उसके पति समेत तीन लोगों पर बहन की गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। पीड़ित ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र में रानू पुत्र ननकू ने बताया कि उसकी बहन कोमल का विवाह खागा थाना क्षेत्र के रमढ़ेरवा मजरे टेनी निवासी सुनील पुत्र कृष्ण बिहारी से हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति उसकी बहन के साथ मारपीट करता था, जिसकी शिकायत वह कई बार मायके वालों से कर चुकी थी।
रानू का आरोप है कि एक अक्टूबर को कोमल ने अपने पति सुनील और जेठानी सतरूपा को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इस पर उसने घटना की जानकारी परिजनों को देने की बात कही थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और आरोप है कि सुनील, सतरूपा पत्नी उमेश तथा उमेश पुत्र कृष्ण बिहारी ने मिलकर कोमल की गला दबाकर हत्या कर दी।
भाई का कहना है कि घटना की जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचा और पुलिस को भी शिकायत दी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। अब उसने एसपी से मामले की गंभीरता से जांच कराकर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
