सुरक्षा व्यवस्था के तहत ड्रोन कैमरे से निगरानी करती पुलिस।
– जुलूस मार्ग से लेकर बाजारों व प्रमुख चौराहों तक पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता
– मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त के साथ ड्रोन कैमरों से निगरानी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। बारावफात पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जिले के संवेदनशील क्षेत्रों, मिश्रित आबादी वाले इलाकों और जुलूस मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ड्रोन कैमरों की मदद से भी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जुलूस के निर्धारित मार्गों के अलावा प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की मौजूदगी बढ़ाई गई है। ड्रोन कैमरों के माध्यम से संवेदनशील स्थानों की निगरानी कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस टीमें लगातार पैदल गश्त कर लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील कर रही हैं।
अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से आपसी भाईचारा कायम रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या भ्रामक सूचना की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
