जनसुनवाई के दौरान शामिल भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव।
– प्रधानाचार्यों के नियमितीकरण की मांग पहुंची मुख्यमंत्री तक
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। भारतीय जनता पार्टी के जेल रोड स्थित जिला कार्यालय में गुरुवार को आयोजित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने बिजली, शिक्षा समेत कई जनसमस्याएं उठाईं। फरियादियों ने संबंधित विभागों से जुड़ी शिकायतें और मांगपत्र भाजपा पदाधिकारियों को सौंपे, जिनके शीघ्र एवं न्यायोचित निस्तारण का भरोसा दिलाया गया।
जनसुनवाई के दौरान प्रधानाचार्य परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव को सौंपा। ज्ञापन में उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में कार्यरत कार्यवाहक एवं पदोन्नत प्रधानाचार्यों के नियमितीकरण की मांग की गई। परिषद के संरक्षक प्रभुदत्त दीक्षित, संगठन जिलाध्यक्ष अनिल राज सिंह समेत कई प्रधानाचार्य इस दौरान मौजूद रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानाचार्य परिषद की ओर से प्राप्त ज्ञापन को पूरी गंभीरता के साथ शासन स्तर पर भेजा जाएगा, ताकि संबंधित मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनहित के मुद्दों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और जनसुनवाई का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। जनसुनवाई के दिवस प्रभारी एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष कुलदीप भदौरिया ने बताया कि जगदीशपुर निवासी केशन और शरद कुमार शुक्ला ने विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले का शीघ्र एवं न्यायसंगत निस्तारण कराने की बात कही। जनसुनवाई में अन्य फरियादियों ने भी विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं रखीं, जिन्हें नियमानुसार संबंधित विभागों को प्रेषित करने की प्रक्रिया शुरू की गई। पार्टी पदाधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई कराई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान विमलेश पांडेय व प्रसून तिवारी ने जनसुनवाई की व्यवस्थाओं का दायित्व संभाला और फरियादियों की शिकायतों के संकलन एवं समन्वय में सक्रिय भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now