डीएम को शिकायती पत्र देने के लिए खड़ा पीड़ित।
– कार्रवाई न होने का आरोप, डीएम से लगाई गुहार
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। गाजीपुर थाना क्षेत्र के खेसहन गांव स्थित महादेव बाबा मंदिर में पूजा कर रहे बाबा के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
खेसहन गांव निवासी विमलदास बाबा ने बताया कि 18 मई की शाम करीब आठ बजे वह मंदिर में पूजा-पाठ कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव का नितेश कोरी अपने तीन रिश्तेदारों के साथ मंदिर परिसर में पहुंचा और देवस्थान के चबूतरे पर शराब पीने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। पीड़ित का आरोप है कि अगले दिन सुबह करीब नौ बजे नितेश कोरी अपने रिश्तेदारों के साथ दोबारा मंदिर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। आरोपियों ने बाबा के बाल और चोटी पकड़कर घसीटा तथा जमकर मारपीट की। घटना में उनके हाथ में गंभीर चोट आई है और दो दांत टूट गए हैं। विमलदास बाबा ने बताया कि मामले की शिकायत गाजीपुर थाने में की गई थी। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण तो कराया, लेकिन अभी तक न तो एफआईआर दर्ज की गई और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। पीड़ित ने पुलिस पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे आरोपियों का मनोबल बढ़ा हुआ है और वह किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। पीड़ित ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now