फोटो परिचय- कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक करतीं जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स व अन्य अधिकारी।
– छह विधानसभा क्षेत्रों में सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मिलेगी पंजीकरण की सुविधा
– फार्म-6 के जरिए मतदाता सूची में जुड़वा सकेंगे नाम, डीएम ने की अपील
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान का अधिकार पाने वाले युवाओं के लिए जिले में दो दिन विशेष शिविर लगाए जाएंगे। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि 17 और 24 अक्टूबर को जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदेय स्थल पर बीएलओ मौजूद रहकर आवेदन प्राप्त करेंगे।
कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान डीएम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के बाद मतदाता सूची में नए नाम शामिल करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। जहानाबाद, बिंदकी, फतेहपुर, अयाहशाह, हुसैनगंज और खागा विधानसभा क्षेत्रों के सभी बूथों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक शिविर संचालित होंगे।
पंजीकरण के इच्छुक नागरिकों को फार्म-6 के साथ नवीनतम फोटो तथा जन्मतिथि और निवास प्रमाण से संबंधित अभिलेखों की स्वप्रमाणित प्रतियां जमा करनी होंगी। परिवार के किसी सदस्य की मतदाता पहचान पत्र संख्या उपलब्ध होने पर उसे भी साथ रखने की सलाह दी गई है। ऑनलाइन आवेदन के लिए भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और वीएचए ऐप का विकल्प भी उपलब्ध है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी बूथों पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित करने और पर्याप्त संख्या में आवेदन फार्म उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बूथ लेवल एजेंट नियुक्त कर मतदाताओं को पंजीकरण प्रक्रिया में सहयोग देने की अपील की। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), सहायक निर्वाचन अधिकारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
