फोटो परिचय- विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर का निरीक्षण करतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स, साथ में एसपी अभिमन्यु मांगलिक।

– डीएम और एसपी ने विशेष पंजीकरण शिविरों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
– पहली बार वोटर बनने वाले युवाओं का नाम जोड़ने पर दिया जोर
– आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण कर पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। आगामी निर्वाचन की तैयारियों के बीच मतदाता सूची को अधिक समावेशी और अद्यतन बनाने के लिए जिले में विशेष पंजीकरण अभियान चलाया गया। शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के साथ कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय शाह प्रथम और बहुआ इंटर कॉलेज में संचालित मतदाता पंजीकरण शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने शिविरों में पंजीकरण की प्रगति की जानकारी ली और मौके पर मौजूद कर्मचारियों से प्राप्त आवेदनों की स्थिति के बारे में पूछताछ की। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य उन नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ना है, जो पात्र होने के बावजूद अब तक पंजीकरण नहीं करा सके हैं। विशेष रूप से पहली बार मतदान के लिए पात्र हुए युवाओं को जागरूक कर उनका नाम सूची में दर्ज कराने पर ध्यान दिया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसलिए शिविरों में आने वाले लोगों को पंजीकरण संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए और उनके आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने की हिदायत दी।

डीएम ने नागरिकों से भी अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने की पुष्टि करें और यदि कोई पात्र सदस्य पंजीकरण से वंचित है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर अपना नाम सूची में शामिल कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now