बैठक में मौजूद हिंदू महासभा के पदाधिकारी।

18 सितंबर को सदर तहसील में धरना देने का ऐलान, जनसमस्याओं के समाधान की मांग

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। अखिल भारत हिंदू महासभा ने महंगाई और सदर तहसील में कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर आंदोलन का निर्णय लिया है। आईटीआई रोड स्थित कैंप कार्यालय में जिलाध्यक्ष शशिकांत मिश्रा की अध्यक्षता में हुई मासिक बैठक में पदाधिकारियों ने जनसमस्याओं पर चर्चा करते हुए 18 सितंबर को सदर तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की।

बैठक में संगठन के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज त्रिवेदी ने कहा कि रोजमर्रा के इस्तेमाल में आने वाली खाद्य सामग्री के दाम लगातार बढ़ने से आम परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने चीनी, रिफाइंड तेल, चाय, मेवा, प्याज, टमाटर और अदरक समेत अन्य खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाते हुए सरकार से प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बजट पर पड़ रहा है। सरकार को आम लोगों को राहत देने के लिए कीमतों पर नियंत्रण की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

मनोज त्रिवेदी ने सदर तहसील में राजस्व संबंधी कार्यों में कथित अनियमितताओं का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि आय, निवास व जाति प्रमाण पत्र, हकबंदी और वरासत जैसे कार्यों के लिए लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। लेखपाल, कानूनगो और राजस्व अधिकारियों पर काम में देरी किए जाने के आरोपों का भी उन्होंने उल्लेख किया।

पदाधिकारियों ने कहा कि महंगाई के साथ तहसील स्तर की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। इन्हीं मुद्दों को लेकर 18 सितंबर को सदर तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन कर जिम्मेदार अधिकारियों से कार्रवाई और व्यवस्था में सुधार की मांग की जाएगी।

बैठक में जिला प्रभारी गजेंद्र मौर्य, स्वामी रामआसरे आर्य, स्वामी गणेशानंद, प्रकाश त्रिवेदी, राम सिंह मौर्य, रुद्र मोहन सिंह, दीपक यादव, हिमांशु कुमार, धनंजय पांडेय समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now