बैठक को संबोधित करते जिलाध्यक्ष सुशील तिवारी।
– तीन अगस्त को डीएम को ज्ञापन सौंपेंगे शिक्षामित्र
– एसबीआई खाते व कैशलेस कार्ड में देरी पर भी जताई नाराजगी
सिटी न्यूज फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ की पूर्व निर्धारित बैठक रविवार को नहर कॉलोनी में जिलाध्यक्ष सुशील तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शिक्षामित्रों की लंबित समस्याओं पर चर्चा करते हुए अधिकारियों के रवैये पर नाराजगी जताई गई। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष सुशील तिवारी ने कहा कि शिक्षामित्रों के मूल विद्यालय वापसी का शासनादेश जारी हुए 19 माह बीत चुके हैं, लेकिन जिले में अब तक इसका पालन नहीं कराया गया है। इसके कारण करीब आठ सौ शिक्षामित्र आज भी 70 से 80 किलोमीटर की दूरी तय कर अल्प मानदेय में सेवा देने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि लंबी दूरी की आवाजाही में मानदेय का बड़ा हिस्सा खर्च हो जाता है और शिक्षामित्र आर्थिक व मानसिक तनाव झेल रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश कमेटी के निर्णय के अनुसार तीन अगस्त को जिले के सभी शिक्षामित्र जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेंगे। ज्ञापन में तीन जनवरी 2025, 12 जून 2025, 9 दिसंबर 2025 और 12 दिसंबर 2025 को जारी चार शासनादेशों का हवाला देते हुए उनके तत्काल अनुपालन की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि अब शिक्षामित्र अपनी मांगों को लेकर खामोश नहीं बैठेंगे और समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा। जिला मंत्री सुमित द्विवेदी ने कहा कि प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा और भारतीय स्टेट बैंक के बीच हुए समझौते के तहत शिक्षामित्रों के नए खाते एसबीआई में खोले जाने हैं, लेकिन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से अब तक कोई आदेश जारी नहीं किया गया। साथ ही कैशलेस चिकित्सा कार्ड के आवेदन भी 15-15 दिनों से लंबित हैं, जिससे शिक्षामित्र शासन की योजनाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। संचालन अजय सिंह ने किया। इस दौरान शैलेंद्र वर्मा, अनिल श्रीवास्तव, भानू प्रताप सिंह, पुजारी लाल, छोटेलाल पटेल, दिलीप कुमार, जय नारायण सिंह, तारिक हसन, होलीलाल, तिवेश सिंह, रेनू केशरवानी, सुधा गुप्ता, शशिकांती, नीलम गुप्ता, सुचिता पांडेय, सुनीता देवी, सियावती, सविता, नीलम मौर्य, मिथलेश, सुनील अतर सिंह, भारती सिंह सहित सैकड़ों शिक्षामित्र मौजूद रहे।
शिक्षामित्रों ने उठाईं चार बड़ी मांगें
– मूल विद्यालय वापसी का आदेश तत्काल लागू किया जाए, ताकि सैकड़ों शिक्षामित्रों को लंबी दूरी तय न करनी पड़े।
– तीन अगस्त को डीएम को ज्ञापन देकर चारों शासनादेशों का पालन कराने की मांग की जाएगी।
– एसबीआई में नए खाते खुलवाने के लिए बीएसए कार्यालय तत्काल आदेश जारी करे और बीआरसी स्तर पर कैंप लगाए जाएं।
– लंबित कैशलेस चिकित्सा कार्डों का शीघ्र निस्तारण कर शिक्षामित्रों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
