मातृशक्ति को उपहार देकर सम्मानित करतीं राज्यमंत्री कृष्णा पासवान व साथ में डीएम।

– लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा का हुआ शुभारंभ, विशेष बसों को दिखाया हरी झंडी
– राज्यमंत्री ने महिलाओं को साड़ी व मिठाई भेंटकर किया सम्मानित

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश सरकार ने महिलाओं को निःशुल्क रोडवेज यात्रा की सौगात दी है। 27 से 29 अगस्त तक प्रदेश की महिलाएं रोडवेज बसों में बिना किराया सफर कर सकेंगी। इसके साथ ही 29 अगस्त से 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी महिलाओं को भी रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलने लगेगी।

बुधवार को सरदार वल्लभभाई पटेल प्रेक्षागृह में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा के शुभारंभ एवं विशेष बसों के फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

मुख्य अतिथि राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने कहा कि केंद्र में वर्ष 2014 और प्रदेश में वर्ष 2017 से भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने 50 हजार बेटियों को स्कूटी उपलब्ध कराने के साथ ही 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के साथ मजबूती से खड़ी है और अब उन्हें रोडवेज से यात्रा करते समय किराये की चिंता नहीं करनी होगी।

जहानाबाद विधायक राजेंद्र पटेल ने कहा कि पिछली सरकारों में महिलाओं को उनके अधिकार और सम्मान के अनुरूप अवसर नहीं मिल सके। वर्तमान सरकार महिलाओं के हित में लगातार विभिन्न योजनाएं संचालित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री कृष्णा पासवान व जनप्रतिनिधियों ने मौजूद महिलाओं को एक-एक साड़ी और मिठाई का पैकेट भेंटकर सम्मानित किया। इस मौके पर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना समेत अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में एआरएम रोडवेज एसपी सिंह ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और मातृशक्ति का आभार जताया। निःशुल्क यात्रा की घोषणा को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now