राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर शक्ति प्रदर्शन करते कांग्रेसी।
– सद्बुद्धि यात्रा निकाल सरकार को घेरा, हाईकोर्ट की निगरानी में जांच की मांग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर मंगलवार को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरिहरगंज क्रॉसिंग से कलेक्टरगंज स्थित शिव मंदिर तक सद्बुद्धि यात्रा निकालकर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने प्रदर्शन को राजनीतिक रूप से अहम बना दिया।
यात्रा के समापन पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी का मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है, लेकिन सरकार इस गंभीर विषय पर जवाब देने के बजाय चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों की गरिमा और पारदर्शिता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मो. आरिफ गुड्डा ने कहा कि बिना एफआईआर दर्ज किए एसआईटी जांच कराना सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले को दबाने और लीपापोती करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मांग किया कि इस प्रकरण की जांच उच्च न्यायालय की तीन सदस्यीय पीठ की निगरानी में कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। साथ ही उन्होंने मंदिर की व्यवस्था चारों शंकराचार्यों और अयोध्या के प्रतिष्ठित महंतों को सौंपने की भी मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अपारदर्शिता स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन तेज करेगी। सद्बुद्धि यात्रा में शेख एजाज अहमद, राजेंद्र लोधी, प्रदेश सचिव शोभा दुबे, रेखा पासवान, राजीव लोचन निषाद, प्रवक्ता ई. देवी प्रकाश दुबे, कलीम उल्ला सिद्दीकी, मनोज घायल, ओम प्रकाश कोरी, अजय बच्चा, बशीर अहमद, कौशल कुमार शुक्ला, निजामुद्दीन, अब्दुल रज्जाक, अमीरउलजमा खान, सैयद सहाब अली, रमजान अहमद, सूरज पटेल, राजीव श्रीवास्तव, आफताब ललौली, कल्लू कोरी, शैलेन्द्र सिंह, शमशाद अहमद, निजाम राइन, हम्माद हुसैन, मनोज सविता, अब्दुल हफीज मौजूद रहे।
