मानस रक्तकेंद्र में रक्तदान करते युवा।
मानस रक्तकेंद्र में आयोजित हुआ विशेष रक्तदान शिविर, रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। स्वतंत्रता सेनानी, निर्भीक पत्रकार एवं पूर्व सांसद अमर शहीद लाला जगत नारायण की 45वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मानस रक्तकेंद्र में विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित लोगों ने लाला जगत नारायण को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके त्याग, निष्ठा, राष्ट्रसेवा और देश के प्रति समर्पण को याद किया। इस दौरान युवाओं ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
रक्तदान शिविर में तरुण कुमार, अनूप, प्रांजुल, छोटो, मुजाहिद, राशिद और शानू समेत कुल सात युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। दुर्घटना, गंभीर बीमारी अथवा आपात स्थिति में समय पर रक्त उपलब्ध होने से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। ऐसे में स्वस्थ लोगों को आगे बढ़कर नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए।
युवाओं ने कहा कि अमर शहीद लाला जगत नारायण की पुण्यतिथि पर रक्तदान करना उनके सेवा, त्याग और राष्ट्रहित के आदर्शों को आगे बढ़ाने का सार्थक प्रयास है। रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंदों तक समय पर रक्त पहुंचाने के लिए इस तरह के शिविर लगातार आयोजित किए जाने की आवश्यकता है।
शिविर के बाद मानस रक्तकेंद्र के ऑनर डॉ. कैलाश पटेल ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने रक्तदाताओं के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
इस अवसर पर संस्था की ओर से गुरमीत सिंह, मानस रक्तकेंद्र के प्रभारी अमन यादव, लैब टेक्नीशियन अनामिका, लैब सहायक प्रीती सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
