– मायके पक्ष ने दहेज में कार और दस लाख रुपये मांगने का लगाया आरोप

– भाई ने ससुरालीजनों पर मारपीट कर हत्या करने का लगाया आरोप

– पुलिस बोली, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। जाफरगंज थाना क्षेत्र के रमदिनवापुर गांव में 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। महिला का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, रमदिनवापुर निवासी विशम्भर निषाद की पत्नी प्रियंका देवी की घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के भाई शिव गोपाल निषाद निवासी शिवपुरी, थाना जाफरगंज ने आरोप लगाया कि उसने करीब एक वर्ष पहले अपनी बहन की शादी की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालीजन चार पहिया वाहन और दस लाख रुपये की मांग को लेकर प्रियंका को प्रताड़ित करते थे। भाई ने सास ननकी देवी, ससुर रामविशाल, ननद प्रियंका और प्रीती तथा दामाद परवेश पर मारपीट करने और उसकी बहन की हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

महिला की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मायके पक्ष के आरोपों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now