– पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। ललौली थाना परिसर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला ने कथित तौर पर शादी से इनकार किए जाने से आहत होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।

जानकारी के अनुसार बिंदकी कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली महिला की शादी ललौली थाना क्षेत्र के हरियापुर गांव निवासी एक युवक से हुई थी। शादी के बाद वह करीब छह वर्ष तक ससुराल में रही। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले एक अन्य युवक के संपर्क में आई और करीब चार वर्ष पूर्व उसके साथ कानपुर चली गई, जहां दोनों साथ रह रहे थे। महिला का आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन अब विवाह से इंकार कर दिया। पीड़िता ने करीब 20 दिन पहले बिंदकी कोतवाली में लिखित शिकायत दी थी, पर कार्रवाई न होने का आरोप है। इसके बाद वह युवक के गांव हरियापुर पहुंची, जहां उसके साथ अभद्रता किए जाने की भी बात कही जा रही है। पीड़िता का कहना है कि उसने ललौली थाने में भी शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। लगातार उपेक्षा से आहत होकर उसने थाने परिसर में ही जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे वहां हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि महिला का प्रार्थना पत्र मिलने पर युवक को, जो नौकरी के सिलसिले में पुणे में था, बुलाया गया था और दोनों की काउंसिलिंग कराई जा रही थी। इसी दौरान महिला बाहर जाकर पास की दुकान से डाई खरीदकर पी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि महिला के परिजनों की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। महिला के बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, खासकर पहले की गई शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई न होने को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now