– समय पर इलाज न मिलने से बिगड़ी हालत, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
– खखरेरू थाना क्षेत्र के कोट गांव की घटना, परिवार में मचा कोहराम
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। अंधविश्वास और उपचार में देरी एक बुजुर्ग महिला की जान पर भारी पड़ गई। खखरेरू थाना क्षेत्र के कोट गांव में गुरुवार रात सांप के डसने से 76 वर्षीय ननकी देवी की मौत हो गई। सर्पदंश के बाद परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने पहुंच गए। हालत गंभीर होने पर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कोट गांव निवासी कंधई रैदास की पत्नी ननकी देवी गुरुवार रात करीब आठ बजे अपने बिस्तर पर लेटी थीं। इसी दौरान पास में बनी ताक पर रखी दवा उठाने के लिए उन्होंने हाथ बढ़ाया। तभी वहां छिपे सांप ने उनके हाथ में डस लिया। घटना के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने भीमपुर चले गए। वहां से लौटते समय महिला की हालत और बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदो ले जाया गया। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के चार बेटे रोशन लाल, गुलाब, रोहित और पप्पू हैं। मां की मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
