CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। हज-2027 पर जाने के इच्छुक लोगों के लिए राहत भरी खबर है। हज कमेटी ऑफ इंडिया ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई से बढ़ाकर अब 24 जुलाई कर दी है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि जिन लोगों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे जल्द से जल्द ऑनलाइन आवेदन पूरा कर लें।
उन्होंने बताया कि जिन आवेदकों ने पंजीकरण तो करा लिया है, लेकिन किसी कारणवश आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए हैं, वे भी 24 जुलाई से पहले आवेदन पूर्ण कर लें। निर्धारित समय सीमा के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे और ऐसे आवेदक हज-2027 की प्रक्रिया से वंचित रह जाएंगे। जिन आवेदकों का भारतीय अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है, उन्हें तत्काल संबंधित पासपोर्ट कार्यालय से संपर्क कर पासपोर्ट प्राप्त करने की सलाह दी गई है, ताकि समय रहते आवेदन पूरा किया जा सके। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि हज यात्रियों के चयन के लिए 30 जुलाई को मुंबई स्थित हज हाउस में ऑनलाइन डिजिटल कुर्रा (रैंडम चयन) किया जाएगा। चयनित यात्रियों की सूची हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर जारी की जाएगी तथा उन्हें एसएमएस के माध्यम से भी सूचना दी जाएगी। चयनित सभी हज यात्रियों को 10 अगस्त तक 152300 की अग्रिम धनराशि हज कमेटी ऑफ इंडिया के खाते में जमा करनी होगी।
