– विद्यालयों का मास्टर डाटा पांच अगस्त तक होगा अपडेट
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पूर्वदशम कक्षा 9-10 एवं दशमोत्तर कक्षा 11-12 छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत ऑनलाइन आवेदन की समय-सारिणी जारी कर दी गई है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग तथा अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र छात्र-छात्राएं निर्धारित तिथियों के अनुसार आवेदन कर सकेंगे। इसके साथ ही विद्यालयों को भी मास्टर डाटा अपडेट करने, आवेदन सत्यापित करने और समय से अग्रसारित करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालय 22 जुलाई से 5 अगस्त तक अपना मास्टर डाटा एवं प्रोफाइल ऑनलाइन पूर्ण कर लॉक करेंगे। वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक 23 जुलाई से 9 अगस्त तक विद्यालयों की मान्यता, सीटों की संख्या एवं प्रोफाइल का सत्यापन करेंगे। नवीनीकरण छात्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन 11 अगस्त से 25 अगस्त तक किए जाएंगे। विद्यालय 30 अगस्त तक बायोमैट्रिक, अंक, उपस्थिति दर्ज कर पात्र छात्रों के आवेदन ऑनलाइन सत्यापित करेंगे। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक 31 अगस्त से 10 सितंबर तक सत्यापन करेंगे, जबकि एनआईसी 11 से 17 सितंबर तक स्क्रूटनी करेगा। जनपदीय समिति 18 से 22 सितंबर तक डाटा लॉक करेगी। नवीन छात्रों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन 11 अगस्त से 21 सितंबर तक होंगे। छात्र 30 सितंबर तक फाइनल प्रिंट निकाल सकेंगे तथा 5 अक्टूबर तक आवश्यक अभिलेखों सहित आवेदन विद्यालय में जमा करेंगे। विद्यालय 15 अक्टूबर तक आवेदन सत्यापित कर अग्रसारित करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक 16 अक्टूबर से 5 नवंबर तक सत्यापन करेंगे, एनआईसी 6 से 15 नवंबर तक स्क्रूटनी करेगा और जनपदीय समिति 16 नवंबर से 15 जनवरी 2027 तक डाटा लॉक करेगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सभी छात्र-छात्राओं और विद्यालय प्रबंधनों से निर्धारित समय-सीमा का पालन करते हुए आवेदन प्रक्रिया समय पर पूरी करने की अपील की है, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ समय से मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now