फोटो परिचय- अपनी मांगों को लेकर अधिशासी अभियंता को ज्ञापन देने पहुंचे ग्रामीण पंप ऑपरेटर।
– चार हजार रुपये मासिक भुगतान भी समय पर नहीं मिलने से बढ़ी परेशानी
– अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंप बकाया भुगतान और मानदेय बढ़ाने की मांग
CITY NEW FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी संभाल रहे पंप ऑपरेटर खुद आर्थिक बदहाली का सामना कर रहे हैं। जल जीवन मिशन के अंतर्गत तैनात इन कर्मचारियों ने लंबे समय से मानदेय का भुगतान नहीं होने और बेहद कम पारिश्रमिक मिलने का आरोप लगाते हुए विभागीय अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
सोमवार को ग्रामीण पंप ऑपरेटरों ने अधिशासी अभियंता ग्रामीण जल जीवन मिशन को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें महज चार हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय निर्धारित किया गया है। विडंबना यह है कि इतनी कम धनराशि भी नियमित रूप से उनके खातों में नहीं पहुंचती। कई ऑपरेटरों का दावा है कि वर्ष 2019 से काम करने के बावजूद उन्हें करीब छह वर्षों से मानदेय का भुगतान नहीं मिला है।
कर्मचारियों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बनाए रखने के लिए उन्हें लगातार अपनी सेवाएं देनी पड़ती हैं, लेकिन इसके बदले पारिश्रमिक नहीं मिलने से परिवार की जिम्मेदारियां निभाना मुश्किल हो गया है। बकाया भुगतान के लिए कार्यदायी संस्था से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने ठेकेदार और कार्यदायी संस्था पर भुगतान में लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया।
पंप ऑपरेटरों ने विभाग से वर्ष 2019 से लंबित मानदेय का भुगतान कराने, प्रत्येक माह समय से पारिश्रमिक दिलाने तथा वर्तमान मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि किए जाने की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान अब प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।
ज्ञापन देने वालों में रामआसेर, मोहम्मद कासिम, शिवम कुमार, रामानुज, सुरेंद्र कुमार, विकास, यज्ञ दत्त पांडेय, सचिन कुमार, इरशाद अली सहित अन्य ग्रामीण पंप ऑपरेटर मौजूद रहे।

