फोटो परिचय- घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल करते पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक।
– तीन दिन से लापता थी 45 वर्षीय महिला, भाई ने पोस्टमार्टम हाउस में की पहचान
– एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने मौके पर पहुंचकर परखी जांच की प्रगति, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। औंग थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब आशापुर के समीप एक महिला का निर्वस्त्र शव मिलने की सूचना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शव की स्थिति को देखते हुए महिला के साथ अनहोनी की आशंका जताई जा रही है। प्रथम दृष्टया दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका के बीच पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे उसके भाई ने गरीबा देवी (45) पत्नी पुत्तन, निवासी थानपुर, थाना औंग के रूप में की। परिजनों के मुताबिक महिला तीन दिन पहले दवा लेने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी। उसकी तलाश की जा रही थी।
महिला का शव मिलने की खबर पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल के साथ आसपास के क्षेत्र का बारीकी से मुआयना किया और अधीनस्थ अधिकारियों से अब तक की कार्रवाई की जानकारी ली। वहीं फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य संकलित किए, ताकि घटना की कड़ियों को जोड़ने में मदद मिल सके।
एसपी ने जांच अधिकारियों को निर्देशित किया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए हर संभावित पहलू की पड़ताल की जाए। महिला के घर से निकलने से लेकर शव मिलने तक की परिस्थितियों की जानकारी जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों का वैज्ञानिक परीक्षण कराया जाए। उन्होंने घटना का शीघ्र अनावरण कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसके साथ दुष्कर्म हुआ था या नहीं, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।
