फोटो परिचय-  पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत लेकर पहुंचे पीड़ित व परिजन।

– पेट्रोल डालकर जानलेवा हमला करने के मामले में समझौते का बनाया जा रहा दबाव

– इनकार करने पर जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। पेट्रोल डालकर जान लेने की कोशिश के मामले में दर्ज मुकदमे के बाद अब पीड़ित ने आरोपियों पर धमकाने और समझौते के लिए दबाव बनाने की शिकायत की है। आरोपियों के जमानत पर बाहर आने के बाद खुद और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित दीपक कुमार सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। यहां उसने शिकायती पत्र सौंपकर पुलिस अधिकारियों से न्याय और सुरक्षा की मांग की।

दीपक कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि बीते 21 अप्रैल को उसकी पत्नी ज्योति देवी ने कथित प्रेमी यदुवेन्द्र उर्फ विपिन यादव के साथ मिलकर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया था। इस घटना के संबंध में गाजीपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। पीड़ित के मुताबिक पुलिस ने मामले में उसकी पत्नी और कथित सहयोगी के विरुद्ध कार्रवाई की थी।

दीपक का आरोप है कि मुकदमे में जमानत मिलने के बाद दोनों पक्षों की ओर से उस पर लगातार समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है। पत्नी और ससुरालीजनों द्वारा कथित तौर पर धमकियां दी जा रही हैं। मुकदमे में सुलह न करने पर जान से खत्म करने और झूठे मामले में फंसाने की चेतावनी दिए जाने का भी आरोप लगाया है। पीड़ित ने मारपीट और मानसिक उत्पीड़न की शिकायत भी अधिकारियों से की।

शिकायती पत्र में दीपक ने अपनी बहन और बहनोई को भी विवाद में घसीटे जाने की बात कही। उसका आरोप है कि मकान की चाबी दिलाने के लिए पुलिस के माध्यम से उन पर दबाव बनवाया जा रहा है। लगातार मिल रही कथित धमकियों से परेशान पीड़ित ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग उठाई।

मामले में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच कराने और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now