– पंद्रह सितंबर से भर सकेंगे ऑनलाइन फॉर्म
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। वित्तीय वर्ष/शैक्षिक सत्र 2026-27 की दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना (कक्षा 11-12 को छोड़कर) के लिए जिला समाज कल्याण विभाग ने विस्तृत समय-सारिणी जारी कर दी है। इसके तहत उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग तथा अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र-छात्राएं निर्धारित तिथियों के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि सबसे पहले शिक्षण संस्थानों को 22 जुलाई से 15 अगस्त तक अपना मास्टर डाटा एवं प्रोफाइल अपडेट कर ऑनलाइन लॉक करना होगा वहीं विश्वविद्यालय एवं एफिलियेटिंग एजेंसियां 23 जुलाई से 30 अगस्त तक फीस आदि का सत्यापन करेंगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी स्तर पर मास्टर डाटा का सत्यापन 25 जुलाई से 14 सितंबर तक किया जाएगा। नवीनीकरण के छात्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक किए जाएंगे। इसके बाद संस्थान 25 अक्टूबर तक आवेदन सत्यापित कर अग्रसारित करेंगे, जबकि विश्वविद्यालय पांच नवंबर तक छात्रों का सत्यापन करेंगे। एनआईसी द्वारा 6 से 20 नवंबर तक स्क्रूटनी की जाएगी और 21 से 26 नवंबर तक जनपदीय समिति डाटा लॉक करेगी। नवीन छात्रों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन 15 सितंबर से 31 अक्टूबर तक होंगे। आवेदन का फाइनल प्रिंट 2 नवंबर तक निकाला जा सकेगा। आवश्यक अभिलेखों सहित हार्ड कॉपी 4 नवंबर तक संस्थान में जमा करनी होगी। संस्थान 10 नवंबर तक आवेदन सत्यापित कर अग्रसारित करेंगे। विश्वविद्यालय 25 नवंबर तक सत्यापन करेंगे, जबकि एनआईसी 26 नवंबर से 5 दिसंबर तक स्क्रूटनी करेगी। इसके बाद 6 से 15 दिसंबर तक जनपदीय समिति शुद्ध एवं संदेहास्पद डाटा लॉक करेगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सभी पात्र छात्र-छात्राओं से निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर आवश्यक अभिलेखों सहित संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करने की अपील की है। साथ ही शिक्षण संस्थानों को भी समयबद्ध तरीके से आवेदनों का सत्यापन एवं अग्रसारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
