‘शेखर टुनाइट’ में मनोज बाजपेयी के सामने खुलकर बोले शेखर
शेखर सुमन ने ये सारी बातें अपने यूट्यूब चैनल के शो ‘शेखर टुनाइट’ के 5वें एपिसोड में कहीं, जो 12 जून को रिलीज हुआ है। इस एपिसोड में बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर मनोज बाजपेयी मेहमान बनकर पहुंचे थे। शो के दौरान शेखर सुमन ने जंतर-मंतर पर चल रहे CJP के आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि देश की जनता में उम्मीदें तो जगा दी हैं, लेकिन वहां से ‘छू-मंतर’ मत हो जाना। अब इस शो के मजेदार क्लिप्स सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं।
अरविंद केजरीवाल पर साधा निशाना
शेखर सुमन ने जंतर-मंतर के इतिहास का हवाला देते हुए आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल पर तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, “जंतर-मंतर का पलटने का पुराना इतिहास रहा है। देखिए ना, केजरीवाल जी यहीं से कहकर गए थे कि राजनीति में नहीं जाऊंगा, फिर पलट गए। बोले- सरकारी मकान और गाड़ी नहीं लूंगा, फिर पलट गए।” शेखर ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर इस बार भी ऐसा ही हुआ, तो फिर आप का झाड़ू भी कुछ नहीं कर पाएगा।
कॉकरोच एक बार पलट गया, तो सीधा नहीं हो सकता
शेखर सुमन ने कॉकरोच का उदाहरण देते हुए CJP के कार्यकर्ताओं को मजेदार सलाह दी। उन्होंने कहा, “कॉकरोचों आप मत पलटिएगा, क्योंकि कॉकरोच अगर एक बार पीठ के बल पलट गया, तो वह तब तक सीधा नहीं हो सकता जब तक कोई उसे सीधा ना करे। जिंदा लोकतंत्र में आवाज जिंदा रहनी चाहिए, वरना औंधे पड़े-पड़े हाथ-पैर मारते रह जाओगे और सब हंसी-थट्टा बनकर रह जाएगा।”
तपती धूप में बेहोश होने पर अभिजीत दीपके को घेरा
शो के आखिरी हिस्से में शेखर सुमन ने अमेरिका से भारत आए CJP के मुखिया अभिजीत दीपके पर भी चुटकी ली। दिल्ली की भीषण गर्मी और लू के कारण अभिजीत के बेहोश होने की खबर पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “भीड़ तो इकट्ठा कर ली, लेकिन खबर आई है कि दोपहर 3 बजकर 3 मिनट पर कॉकरोच का मुखिया दिल्ली की तपती लू की वजह से औंधा हो गया।” इसी बहाने उन्होंने दिल्ली की गर्मी और सरकारी इंतजामों को लेकर मोदी सरकार को भी आड़े हाथों लिया।