CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। सरिता भारती के जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी पद पर नियुक्त होने पर काजी-ए-शहर एवं जामिया इस्लामिया मदीनतुल उलूम नगांव के प्रिंसिपल मुफ्ती मोहम्मद शहाबुद्दीन मिस्बाही तथा मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद ने उन्हें बुके भेंटकर शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर पदाधिकारियों ने कहा कि सरिता भारती की नई जिम्मेदारी से जिले में अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े कल्याणकारी कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और समर्पण के साथ करेंगी।

मुफ्ती मोहम्मद शहाबुद्दीन मिस्बाही और हाजी फरीद अहमद ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र अल्पसंख्यक परिवारों तक पहुंचाने में अधिकारी की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरिता भारती जरूरतमंद लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी पहल करेंगी।

उन्होंने सरिता भारती के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय की समस्याओं, शिक्षा, सामाजिक कल्याण और विकास से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाना आवश्यक है।

इस मौके पर जामिया इस्लामिया मदीनतुल उलूम नगांव से मोहम्मद नासिर, हुसैन, सरफराज, अली उस्मान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now