फोटो परिचय-  राष्ट्रीय ओलंपियाड के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित करते अतिथि।

– महर्षि विद्या मंदिर में विधिक साक्षरता कार्यक्रम, अधिकारियों ने साइबर सुरक्षा को लेकर भी किया सचेत

– निजी तस्वीरें साझा न करने और परेशानी होने पर भरोसेमंद व्यक्ति से मदद लेने की दी सलाह

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। शहर स्थित महर्षि विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों को बाल अपराधों से बचाव और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देने के उद्देश्य से विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों के साथ-साथ डिजिटल सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश सुधीर कुमार तथा विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक मौजूद रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पलाश गांगुली समेत अन्य न्यायिक अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्पार्चन कर किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इस दौरान विद्यालय की मासिक पत्रिका ‘ज्ञान’ भी अतिथियों को भेंट की गई।

जनपद न्यायाधीश सुधीर कुमार ने विद्यार्थियों को पॉक्सो कानून की जानकारी देते हुए कहा कि बच्चों को अपने अधिकारों और कानून के प्रावधानों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि कम उम्र में जानकारी के अभाव में कई युवा गंभीर अपराधों में फंस जाते हैं। विद्यार्थियों से उन्होंने पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने, लक्ष्य निर्धारित करने और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने डिजिटल दौर में सतर्कता को आवश्यक बताते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति फर्जी आईडी अथवा सोशल मीडिया के माध्यम से परेशान करता है तो चुप रहने के बजाय किसी विश्वसनीय व्यक्ति से सहायता लेनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को निजी फोटो या अन्य संवेदनशील सामग्री किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी। साथ ही किसी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री दिखाकर दबाव बनाने या परेशान करने की स्थिति में इसकी जानकारी परिजनों अथवा संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति को देने को कहा।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन के इस्तेमाल में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और इंटरनेट का उपयोग करते समय अपनी निजी जानकारी सुरक्षित रखना जरूरी है।

ओलंपियाड विजेताओं का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान महर्षि नेशनल ओलंपियाड में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मैत्रेय सिंह, अक्षिता शुक्ला और अनुभव सिंह को क्रमशः तीन-तीन हजार रुपये नकद पुरस्कार, गोल्ड मेडल एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली आर्या शुक्ला और देविका यशस्वी को 2500 रुपये नकद, सिल्वर मेडल एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं तृतीय स्थान हासिल करने वाले आशुतोष अवस्थी, अक्षत तिवारी, आयुष तिवारी और सिद्धार्थ सिंह को 2000 रुपये नकद, कांस्य मेडल एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों की भी सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now