फोटो परिचय- लखनऊ के बड़ा इमामबाड़ा में शैक्षिक भ्रमण के दौरान मौजूद एम्बिशन पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी।
– लखनऊ के ऐतिहासिक और दर्शनीय स्थलों का किया अवलोकन
– इमामबाड़ा, चिड़ियाघर और अंबेडकर पार्क पहुंचकर जुटाई महत्वपूर्ण जानकारियां
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ वास्तविक दुनिया की जानकारी देने के उद्देश्य से एम्बिशन पब्लिक स्कूल की ओर से एक दिवसीय शैक्षिक यात्रा आयोजित की गई। इस दौरान छात्र-छात्राओं को राजधानी लखनऊ के प्रमुख ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया गया।
यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने बड़ा इमामबाड़ा की प्रसिद्ध भूल-भुलैया की जटिल संरचना और प्राचीन स्थापत्य शैली को नजदीक से समझा। इसके बाद लखनऊ चिड़ियाघर पहुंचकर विभिन्न प्रजातियों के वन्यजीवों और पशु-पक्षियों के बारे में जानकारी हासिल की। डॉ. भीमराव अंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल में विद्यार्थियों ने भव्य स्मारकों, कलात्मक निर्माण और ऐतिहासिक महत्व से जुड़े पहलुओं को देखा।
इस भ्रमण का मकसद विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से इतर इतिहास, पर्यावरण, स्थापत्य कला और सामाजिक विरासत से परिचित कराना था। विभिन्न स्थलों को प्रत्यक्ष रूप से देखने और उनके बारे में जानने से बच्चों में नई चीजों को समझने की जिज्ञासा भी बढ़ी।
विद्यालय के चेयरमैन दिलशाद अहमद ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करना नहीं, बल्कि बच्चों को जीवन के विविध पहलुओं से परिचित कराना भी है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और ज्ञानवृद्धि में सहायक होते हैं। प्रधानाचार्या आरती सोनी ने कहा कि भ्रमण के माध्यम से बच्चे जो सीखते हैं, उसका अनुभव लंबे समय तक उनके साथ रहता है। उन्होंने इसे शिक्षा को रोचक और प्रभावशाली बनाने का बेहतर माध्यम बताया।
