फोटो परिचय- (2) बैठक में आगामी कार्यक्रम की रणनीति बनाते बसपा जिलाध्यक्ष व पदाधिकारी।
– विधानसभा से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को लामबंद करने की बनी रणनीति
– छह दिसंबर को आंबेडकर परिनिर्वाण दिवस पर लखनऊ में जुटेगा पार्टी का संगठन
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बहन कुमारी मायावती के निर्देश पर रविवार को जिले में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें आगामी छह दिसंबर को बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर लखनऊ में प्रस्तावित विशाल कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक की कमान जिलाध्यक्ष वीर प्रकाश लोधी एडवोकेट ने संभाली। उन्होंने कहा कि जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को सक्रिय करते हुए सेक्टर और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से संपर्क किया जाए। अधिक से अधिक लोगों की लखनऊ में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बस, निजी वाहनों और रेलगाड़ियों से पहुंचने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ अभियान को गति देने की अपील की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रयागराज मंडल के मुख्य मंडल प्रभारी अखिलेश आंबेडकर ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि सभी लोग पूरी एकजुटता और ताकत के साथ लखनऊ पहुंचें। उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य बनाकर बहन कुमारी मायावती को दोबारा उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के संकल्प के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक में अमरेन्द्र बहादुर पासी, डॉ. एसपी सिद्धार्थ, मुख्य मंडल प्रभारी अभिषेक प्रताप सिंह, सैफ तैन अहमद, अरविंद कुमार चौधरी, विवेक कुमार माधुरे, महेश मिश्रा, अभिषेक शुक्ला, सिपाही लाल यादव, मोहम्मद हाशिम, हाजी सगीर प्रधान, गौतम राव, रोशन गौतम, गुलशन गौतम, हरपाल कुरील, अशोक कुमार कोरी, सुरेश कुमार पेशकर, मुन्ना लाल गौतम, संदीप जडेजा, एमपी भास्कर, रमेश चंद्र और बाबूराम गौतम समेत बीवीएफ के जवान व पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
