सदर विधायक को ज्ञापन सौंपते व्यापारी नेता।
– सड़क निर्माण व जलापूर्ति व्यवस्था तत्काल शुरू कराने की उठाई मांग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। नगर पालिका परिषद क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ रोड स्थित नई बस्ती उधन्नापुर (सुखदेव नगर) में वर्षों से बदहाल सड़क और पेयजल संकट से जूझ रहे लोगों का सब्र अब जवाब देने लगा है। क्षेत्रवासियों की समस्याओं को लेकर उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश ने सदर विधायक को ज्ञापन सौंपते हुए बस्ती में पक्की सड़क के निर्माण और स्थायी जलापूर्ति व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि उधन्नापुर (सुखदेव नगर) में सौ से अधिक मकानों में हजारों लोग निवास करते हैं, लेकिन क्षेत्र में आज तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है। बारिश शुरू होते ही कच्चे रास्तों पर पानी भर जाता है और पूरी सड़क तालाब का रूप ले लेती है। ऐसे में स्थानीय लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली छात्र-छात्राओं, महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों को उठानी पड़ रही है। कई बार लोग कीचड़ और जलभराव के कारण फिसलकर चोटहिल भी हो जाते हैं। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि बस्ती में पेयजल की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। जलापूर्ति का स्थायी संसाधन न होने के कारण हजारों लोग रोजाना पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। भीषण गर्मी हो या बरसात, क्षेत्रवासियों को पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है, जबकि यह क्षेत्र नगर पालिका परिषद के अधिकार क्षेत्र में आता है। उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के संस्थापक अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों को सड़क और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है। यदि आज भी लोग इन सुविधाओं से वंचित हैं तो यह बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने सदर विधायक से जनहित में तत्काल हस्तक्षेप कर सड़क निर्माण और जलापूर्ति व्यवस्था शुरू कराने की मांग की। मांग किया कि जर्जर एवं कच्ची सड़कों का तत्काल निर्माण कराया जाए, स्थायी जलापूर्ति व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए। इस मौके पर मनोज गुप्ता घायल, रिंकू सिंह भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now