फोटो परिचय- विजयीपुर ब्लाक के बूथ पर सपा व भाजपा कार्यकर्ता में भिड़ंत का दृश्य।
– विजयीपुर ब्लॉक के बूथ पर हंगामा, पुलिस ने मामला कराया शांत
– बुर्का खुलवाकर पहचान करने का सपा ने मढ़ा आरोप, कैमरा बंद कर फर्जी वोटिंग कराने का भी दावा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन के मतदान के दौरान शुक्रवार को जिले के विजयीपुर ब्लॉक कार्यालय स्थित बूथ संख्या 159 पर फर्जी मतदान के आरोप को लेकर समाजवादी पार्टी व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते बूथ पर हंगामे की स्थिति बन गई। सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मतदान करने पहुंचीं बुर्का पहने मुस्लिम महिलाओं का चेहरा खुलवाकर पहचान की जा रही थी। साथ ही बूथ का कैमरा बंद कराकर फर्जी मतदान कराए जाने का भी आरोप लगाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति शांत कराई, जिसके बाद मतदान दोबारा शुरू कराया गया।
जानकारी के अनुसार इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन के लिए जिले में 15 मतदान केंद्रों पर कुल 25 बूथ बनाए गए हैं। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे खागा विधानसभा क्षेत्र के विजयीपुर ब्लॉक कार्यालय में बने बूथ संख्या 159 पर विवाद शुरू हुआ। घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी प्रसारित हुआ। सपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मतदान करने पहुंचीं मुस्लिम महिलाओं को बुर्का हटाकर चेहरा दिखाने के लिए कहा जा रहा था। इसके अलावा बूथ का कैमरा बंद कराकर फर्जी वोट डलवाने का भी आरोप लगाया गया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से पोस्ट कर चुनाव आयोग से शिकायत की। पार्टी ने मतदान करने पहुंचीं मुस्लिम महिलाओं का बुर्का हटाकर चेहरा देखे जाने के मामले में तत्काल जांच कराने व महिला मतदाताओं की गरिमा का ध्यान रखते हुए निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित कराने की मांग की। हंगामे की सूचना पर पहुंचे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद मतदान प्रक्रिया शुरू कराई गई। फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
