नहर कॉलोनी में धरना देते राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पदाधिकारी।

– जनगणना प्रश्नावली में अलग ओबीसी कॉलम जोड़ने पर अड़े पिछड़ा वर्ग मोर्चा के पदाधिकारी

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की स्पष्ट गणना कराने और प्रश्नावली में अलग कॉलम शामिल करने की मांग को लेकर राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा का आंदोलन लगातार छठवें दिन भी जारी रहा। नहर कॉलोनी में चल रहे धरने में पदाधिकारियों ने सरकार से ओबीसी की वास्तविक संख्या दर्ज करने की मांग उठाई।

धरने की अगुवाई मोर्चा के जिलाध्यक्ष मनोज मौर्य ने की। इस दौरान श्रेष्ठ भारत सेवा संस्थान के प्रदेश अध्यक्ष शिव सिंह सागर ने कहा कि देश में बड़ी आबादी आज भी सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि शोषित वर्ग अपने अधिकारों और हिस्सेदारी की मांग को लेकर लगातार आवाज बुलंद कर रहा है।

बीएमपी के मंडल प्रभारी जयचन्द्र यादव ने कहा कि जिस प्रकार जनगणना में एससी-एसटी के लिए कॉलम निर्धारित किया गया है, उसी तर्ज पर ओबीसी की गणना के लिए भी अलग कॉलम होना चाहिए। इससे पिछड़े वर्ग की वास्तविक जनसंख्या का आंकड़ा सामने आ सकेगा।

डॉ. फूल सिंह लोधी ने कहा कि जाति आधारित जनगणना के जरिए ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि समाज के विभिन्न वर्गों की संख्या कितनी है और उन्हें आबादी के अनुपात में कितना प्रतिनिधित्व मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ओबीसी की संख्या सामने आने के बाद हिस्सेदारी निर्धारित करने में वास्तविक आंकड़ों का आधार मिल सकेगा। उन्होंने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।

धरने में जयचंद यादव, डॉ. फूल सिंह लोधी, मुन्ना लोधी, एडवोकेट अश्वनी यादव, शिव सिंह सागर, शत्रुघ्न लाल, धर्मेंद्र कुमार गौतम, गया प्रसाद प्रजापति, शिव शंकर, चंद्रभान मौर्य, फूल सिंह मौर्य, चंदन प्रसाद, विपिन कुमार, मनोज कुमार मौर्य, एडवोकेट सत्य पाल सिंह, रामचंद्र मौर्य, रमाकांत मौर्य, कवि बाबूराम बादल, अमन सिंह लोधी, गंगा प्रसाद सिंह समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now