– हरिहरगंज पुलिस चौकी के पास हुई घटना, मृतक की आधार कार्ड से हुई पहचान
– युवक की मौत हादसा या किसी साजिश का नतीजा, पुलिस जांच में जुटी
सिटी न्यूज फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। शहर के हरिहरगंज ओवरब्रिज के पास रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस चौकी के समीप एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सक ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। युवक की जेब से मिले आधार कार्ड के जरिए उसकी पहचान हो सकी।
जानकारी के अनुसार किशनपुर थाना क्षेत्र के अकबरपुर नरेनी गांव निवासी मंगल का पुत्र शिवाबाबू (30) रविवार सुबह घर से फतेहपुर आने के लिए निकला था। दोपहर में वह हरिहरगंज ओवरब्रिज के पास संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल मिला। घटना की जानकारी होते ही चौकी प्रभारी हमराही पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि शिवाबाबू सुबह घर से शहर आने की बात कहकर निकला था। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल युवक की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर वह ओवरब्रिज से नीचे कैसे गिरा? क्या उसने खुद छलांग लगाई या किसी अन्य वजह से नीचे गिरकर घायल हुआ? इन सवालों का जवाब अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।




