फोटो परिचय-  किसान दिवस में भाग लेते सीडीओ पवन कुमार मीना व अन्य।

– फोन उठाने व शिकायतकर्ता से संवाद करने में न बरतें लापरवाही

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। किसानों की समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के लिए अधिकारी मौके पर जाकर जांच करें और शिकायतकर्ता को बुलाकर उसकी समस्या का निस्तारण कराएं। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं है, उनमें समयसीमा निर्धारित कर किसान को जानकारी दें। यह निर्देश बुधवार को विकास भवन सभागार में आयोजित किसान दिवस की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने दिए।
सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान दिवस में प्राप्त होने वाली शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका वास्तविक लाभ संबंधित किसान को मिलना चाहिए। शिकायतों के निस्तारण के दौरान किसान से दूरभाष पर भी वार्ता की जाए और उसकी संतुष्टि सुनिश्चित की जाए। संचालन करते हुए उप कृषि निदेशक राम जतन मिश्र ने पिछली बैठक में प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्रवाई की जानकारी किसानों को दी। जिला कृषि अधिकारी नरोत्तम कुमार ने रबी फसलों के लिए कृषि निवेशों की उपलब्धता की जानकारी दी। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. रमेश पाठक ने उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी। किसान दिवस के दौरान किसानों ने विभिन्न समस्याएं भी उठाईं। हसवां ब्लॉक के सीतापुर गांव निवासी शिवधेश मौर्य ने ग्राम कुतुवापुर के पास मुसईपुर रोड पर लघु सिंचाई विभाग द्वारा निर्मित नए तालाब के जल निकासी मार्ग में सीमेंट पाइप के गोले को अधिक ऊंचाई पर बनाए जाने से क्षेत्र में जलभराव की समस्या होने की शिकायत की। उन्होंने जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के जिला उपाध्यक्ष वृषभान सिंह ने कोंडार गांव में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन डालने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़क का पुनर्निर्माण कराने की मांग रखी। वहीं, युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने चकबंदी वाले गांवों में किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने की मांग उठाई। बैठक में सिंचाई, निचली गंगा नहर, विद्युत, खाद्य एवं विपणन, नलकूप, सहकारिता, ड्रेनेज, रेशम विकास, लघु सिंचाई व मंडी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now