घटनास्थल में मौजूद डीएम व एसपी।
– आठ की हालत गंभीर, कानपुर रेफर
– डीएम-एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दिए निर्देश
CITY NEW FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव में रविवार की देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब गैस रिसाव के चलते एक मकान में जोरदार धमाका हो गया। हादसे में कुल नौ लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में छह लोग मकान के अंदर मौजूद थे, जबकि उन्हें बचाने पहुंचे तीन अन्य लोग भी आग और धमाके की चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गांव में बने दो कमरों के मकान में काफी देर से गैस रिसाव हो रहा था। इसी दौरान आग या किसी चिंगारी के संपर्क में आने से अचानक तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते मकान आग की लपटों से घिर गया। धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन कई लोग खुद भी झुलस गए। सूचना मिलते ही कल्यानपुर थाना पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को तत्काल मलवां मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद आठ घायलों की हालत गंभीर देखते हुए कानपुर रेफर कर दिया गया। जिला प्रशासन ने एंबुलेंस को तेजी से कानपुर पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर भी बनवाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स व पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मेडिकल कॉलेज पहुंचकर डॉक्टरों से घायलों के इलाज की जानकारी ली। प्रशासन ने बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि शुरुआती जांच में सिलेंडर फटने की पुष्टि नहीं हुई है। प्रथम दृष्टया हादसा गैस रिसाव के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि गैस लीक होने से आग भड़की और विस्फोट जैसी स्थिति बनी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में हादसे को लेकर भय और चिंता बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now