फोटो परिचय- पत्रकारों से बातचीत कर चर्च की भूमि के मामले में कार्रवाई की मांग करते पादरी सत्येन्द्र श्रीवास्तव।
– पादरी ने अधिवक्ता पर जमीन की प्लाटिंग कर बेचने का लगाया आरोप, प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
– पूर्व में भी भूमि विवाद को लेकर हो चुकी है कार्रवाई, पादरी आवास के गेट की मरम्मत में बाधा डालने का दावा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। देवीगंज स्थित द इंडियन प्रेस्बिटेरियन चर्च की भूमि को लेकर विवाद एक बार फिर सामने आया है। चर्च के पादरी सत्येन्द्र श्रीवास्तव ने एक अधिवक्ता पर चर्च की संपत्ति पर कब्जा करने, प्लाटिंग कर जमीन बेचने का प्रयास करने और मरम्मत कार्य में बाधा डालने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
सोमवार को पादरी सत्येन्द्र श्रीवास्तव ने चर्च कमेटी के अन्य पदाधिकारियों के साथ पत्रकारों से बातचीत में कहा कि चर्च की बेशकीमती भूमि पर कथित तौर पर अवैध कब्जे की कोशिशें की जा रही हैं। उनका कहना है कि इस संबंध में शासन और प्रशासन के अधिकारियों को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले का समाधान नहीं किया गया तो न्याय की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरना देने के साथ भूख हड़ताल भी की जाएगी।
पादरी ने बताया कि वर्ष 1858 से स्थापित चर्च में ईसाई समुदाय के लोग आराधना करते आ रहे हैं। चर्च परिसर से लगी भूमि के अलावा पादरी आवास, सर्वेंट क्वार्टर, पुराना कुआं, शौचालय और बड़ा मैदान भी चर्च की संपत्ति का हिस्सा हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2018 में भी इस जमीन पर अवैध रूप से प्लाटिंग कराने का प्रयास किया गया था। उनके मुताबिक, मामला मुख्यमंत्री के संज्ञान में पहुंचने के बाद कार्रवाई हुई थी और अवैध कब्जे हटाने के साथ कथित फर्जी बैनामे निरस्त किए गए थे।
उन्होंने यह भी बताया कि अप्रैल 2026 में पादरी आवास का गेट तोड़े जाने के मामले में संबंधित अधिवक्ता के खिलाफ राधानगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। पादरी के अनुसार, इस प्रकरण में पुलिस न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है। उनका आरोप है कि अब चर्च परिसर के क्षतिग्रस्त गेट की मरम्मत का काम शुरू कराया गया तो फिर से विरोध किया गया। उन्होंने पादरी और चर्च के सदस्यों को जान-माल की धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया।
पादरी सत्येन्द्र श्रीवास्तव और चर्च कमेटी के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराकर चर्च की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। इस मौके पर विजय लाल, क्रिस्टोफर, आकाश रॉबर्टसन, सुमित लाल, अनिल जॉर्ज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
