– तीन छात्रों से पूछताछ और फरार प्रबंधक की गिरफ्तारी को लेकर सौंपा ज्ञापन
– सप्ताहभर में कार्रवाई न होने पर विद्यालय घेराव की चेतावनी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज शिवपुरम हरिहरगंज के छात्र तेजस द्विवेदी उर्फ यशु की मौत का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। मामले में बजरंग सेना ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर घटना की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। संगठन ने फरार चल रहे विद्यालय प्रबंधक राकेश त्रिवेदी की गिरफ्तारी के साथ ही घटना से जुड़े तीन छात्रों से पूछताछ किए जाने की मांग भी उठाई है।
बजरंग सेना जिलाध्यक्ष ठाकुर चन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि छात्र तेजस द्विवेदी उर्फ यशु की मौत से परिवार में गहरा आक्रोश और पीड़ा है। संगठन का आरोप है कि मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया है।
ज्ञापन में संगठन ने मांग की कि घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही उन तीन छात्रों को पुलिस के समक्ष बुलाकर पूछताछ की जाए, जिनके संबंध में घटना को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। बजरंग सेना ने विद्यालय प्रबंधक राकेश त्रिवेदी की गिरफ्तारी को भी प्राथमिकता से किए जाने की मांग की।
संगठन ने सरकारी अवकाश के दिन विद्यालय खोले जाने के आरोपों की भी जांच कराने की मांग रखी है। कहा गया कि यदि अवकाश के दिन विद्यालय संचालन की बात सही पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
बजरंग सेना ने पुलिस प्रशासन से पूरे प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र कार्रवाई की अपील की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो कार्यकर्ता और पीड़ित परिवार विद्यालय का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और संबंधित विद्यालय कर्मचारियों की होगी।
ज्ञापन देने वालों में साजन त्रिवेदी, राजन मौर्य, आशीष कुमार, धीरज कुमार, गौरव कुमार, मीना देवी, हेमन्त शुक्ला, सरिता दिवाकर आदि मौजूद रहे।
