– एसडीएम सदर के निर्देश पर तहसील प्रशासन ने जारी किए कारण बताओ नोटिस
– तीन दिन में स्पष्टीकरण न देने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। सदर तहसील में तबादला आदेश के बावजूद नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण न करना तीन लेखपालों के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है। प्रशासनिक आदेश का पालन नहीं करने के मामले में तहसील प्रशासन ने धर्मवीर सिंह, आरती देवी और अनूप सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। तीनों से तीन दिन के भीतर लिखित और तथ्यात्मक स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर मामले में आगे की कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

जानकारी के अनुसार, उपजिलाधिकारी सदर ने 25 अगस्त को प्रशासनिक हित में सदर तहसील के कई लेखपालों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया था। आदेश में संबंधित लेखपालों को पुराने क्षेत्र का चार्ज सौंपने के बाद नई तैनाती वाले राजस्व क्षेत्र में तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए थे।

बताया गया कि धर्मवीर सिंह को गाजीपुर से हटाकर भदसरी, आरती देवी को रारा से हटाकर गम्हरी और अनूप सिंह को खम्भापुर से हटाकर कुसुम्भी राजस्व क्षेत्र में तैनाती दी गई थी। आरोप है कि आदेश जारी होने के बाद भी तीनों ने नवीन तैनाती स्थल पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण नहीं किया।

मामला संज्ञान में आने के बाद तहसील प्रशासन ने इसे प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना माना। एसडीएम सदर की सख्ती के बाद तहसीलदार सदर ने तीनों लेखपालों को कारण बताओ नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का मौका दिया है।

नोटिस में कहा गया है कि पत्र प्राप्त होने के तीन दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण कार्यालय में उपलब्ध कराना होगा। तय समय में जवाब नहीं देने अथवा स्पष्टीकरण संतोषजनक न पाए जाने पर संबंधित लेखपालों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को आख्या भेजी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now