फोटो परिचय- किशोर न्याय बोर्ड में नवजात बच्चियों का हालचाल लेते एसपी अभिमन्यु मांगलिक व उनकी पत्नी कृति।
* बच्चियों की कुशलक्षेम पूछकर उपलब्ध कराए गर्म कपड़े और जरूरी सामान
* रसूलपुर गांव में मिली नवजात बच्ची को पुलिस ने पहुंचाया था अस्पताल
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। मासूम बच्चियों की देखभाल और उनके बेहतर भविष्य को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने संवेदनशील पहल की। मंगलवार को वह अपनी पत्नी कृति के साथ किशोर न्याय बोर्ड पहुंचे, जहां उन्होंने रह रहीं दो नवजात बच्चियों की स्थिति की जानकारी ली। ठंड के मौसम को देखते हुए दोनों बच्चियों को गर्म कपड़े और दैनिक उपयोग की जरूरी वस्तुएं भी उपलब्ध कराईं।
इस दौरान एसपी और उनकी पत्नी ने बच्चियों की देखभाल से जुड़ी आवश्यकताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की और उनके कल्याण के प्रति संवेदनशीलता दिखाई। उनका यह कदम नवजातों की सुरक्षा और जरूरतों के प्रति मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाता है।
गौरतलब है कि इनमें से एक नवजात बच्ची 10 अक्टूबर को थरियांव थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में मिली थी। बच्ची के मिलने की सूचना पीआरवी के जरिए पुलिस को दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नवजात को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसवा भेजा गया। वहां चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान बच्ची स्वस्थ पाई गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जानकारी चाइल्डलाइन को दी। बच्चियों का हाल जानने किशोर न्याय बोर्ड पहुंचे एसपी ने उनकी जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई।
