– शैलेंद्र कुमार की प्रधानाध्यापक नियुक्ति की प्रक्रिया जांच के घेरे में
– मुख्यमंत्री से शिकायत, अभिलेखों की जांच कर कार्रवाई की मांग
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। चांदपुर थाना क्षेत्र के साल्हेपुर स्थित आदर्श जनता जूनियर हाईस्कूल की व्यवस्थाओं और प्रधानाध्यापक की नियुक्ति को लेकर शिकायत सामने आई है। शिकायतकर्ता ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक शैलेंद्र कुमार की नियुक्ति प्रक्रिया, अनुभव प्रमाण पत्र, प्रबंध समिति और मध्याह्न भोजन योजना से जुड़े अभिलेखों की जांच कराने की मांग की है। इस संबंध में मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से प्रार्थना पत्र दिया गया है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक शैलेंद्र कुमार की वर्ष 2005 में विद्यालय में लिपिक पद पर नियुक्ति हुई थी। आरोप है कि कई वर्षों तक उन्होंने इसी पद का वेतन लिया और इसके बाद अप्रैल 2015 में उन्हें प्रधानाध्यापक बना दिया गया। शिकायतकर्ता ने लिपिक पद से प्रधानाध्यापक पद तक पहुंचने की प्रक्रिया को नियमों के विपरीत बताते हुए संबंधित अभिलेखों की जांच की मांग की है।
मामले में शैलेंद्र कुमार के अनुभव प्रमाण पत्र की वैधता को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायत में कथित तौर पर फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र के आधार पर प्रधानाध्यापक पद हासिल करने का आरोप लगाया गया है। हालांकि आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। शिकायतकर्ता ने नियुक्ति से संबंधित सभी दस्तावेजों का सत्यापन कराने की मांग की है।
वहीं विद्यालय में मध्याह्न भोजन योजना को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता का दावा है कि वर्ष 2012 से विद्यालय में मध्याह्न भोजन योजना संचालित नहीं होने के बावजूद लाखों रुपये के कथित घोटाले किए गए। योजना से संबंधित रजिस्टर, भुगतान अभिलेख और अन्य दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की गई है।
शिकायत में विद्यालय की प्रबंध समिति की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर नियुक्ति प्रक्रिया, अनुभव प्रमाण पत्र, प्रबंध समिति और मध्याह्न भोजन योजना से जुड़े अभिलेखों की पड़ताल कराने तथा अनियमितता मिलने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
