मुनीम से मारपीट कर 80 हजार रुपये व दस्तावेज ले जाने का आरोप, पांच नामजद समेत आठ के खिलाफ केस

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। जहानाबाद थाना क्षेत्र के नसेनिया गांव स्थित एआरएस ईंट-भट्ठे पर कथित लूट और मारपीट के मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश के बाद मुकदमा दर्ज किया है। भट्ठा संचालक अवधेश कुमार मिश्रा की शिकायत पर प्रतीक मालवीय, प्रमोद कुमार, राजा यादव, विवेक सिंह समेत पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार दो अगस्त को दो चार पहिया वाहनों से कई लोग नसेनिया स्थित ईंट-भट्ठे पर पहुंचे। आरोप है कि उनके हाथों में असलहे थे। भट्ठे पर पहुंचते ही आरोपियों ने मुनीम धर्मेंद्र यादव के साथ गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर कथित रूप से मारपीट की गई और भट्ठा संचालक को जान से मारने की धमकी दी गई।

आरोप है कि हथियारों का भय दिखाकर आरोपियों ने भट्ठे से 80 हजार रुपये नकद और कुछ जरूरी दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए। घटना के दौरान मौके पर मौजूद अन्य लोगों के साथ भी मारपीट किए जाने की बात शिकायत में कही गई है। वारदात के बाद भट्ठे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

भट्ठा संचालक का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई थी। थाने से लेकर पुलिस अधीक्षक स्तर तक शिकायत करने के बावजूद जब मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो उन्होंने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश के बाद जहानाबाद पुलिस ने अब आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मुकदमे में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही संबंधित लोगों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now